गोरखपुर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के संभावित शहर आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने शनिवार को सर्किट हाउस से एयरपोर्ट तक का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। राष्ट्रपति, यहां नौ दिसंबर को चिड़िया घर के लोकार्पण के लिए आ सकते हैं। डीएम ने बताया कि सोमवार से रामगढ़ताल किनारे पैडलेगंज से लेकर नौकायन तक रेलिंग लगाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था जलनिगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
काम प्रभावित न हो इसलिए रामगढ़ताल किनारे इस बार छठ पूजा हो पाना मुश्किल है। निरीक्षण के दौरान बंधे के किनारे रामगढ़ताल की तरफ लगे पत्थरों पर बनाए गई छठ की वेदी को भी तोड़ दिया गया। इसी तरह डीएम ने सर्किट हाउस से लेकर एयरपोर्ट तक बन रहे फोरलेन के निर्माण में तेजी लाते हुए हर हाल में आठ दिसंबर तक 90 फीसदी काम पूरा कर लेने का निर्देश दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर को इसकी नियमित मानीटरिंग करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में शनिवार को एनएच का दफ्तर पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। एम्स के सामने बन रहे नाले की प्रगति धीमी पाई जाने पर भी नाराजगी जताते हुए डीएम ने इसे जल्द पूरा कराने को कहा।
एनेक्सी का लोकार्पण कराने की भी तैयारी
डीएम का कहना है कि सर्किट हाउस के पास बन रहे एनेक्सी भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। आठ दिसंबर तक यह पूरा हो जाएगा। बताया जा रहा है कि प्रशासन इसका लोकार्पण राष्ट्रपति से कराने की तैयारी में जुटा है।
आज होगी राजघाट की सफाई
छठ के मद्देनजर डीएम ने शनिवार को राजघाट का भी निरीक्षण किया। जगह-जगह गंदगी मिलने पर रविवार को सफाई कर्मियों से घाट की सफाई कराने का निर्देश दिया।