गोरखपुर। रामगढ़ताल स्थित जेट्टी पर प्रस्तावित योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां कमिश्नर अनिल कुमार ने बैठक कर जांची। जेट्टी पर सुबह योग और शाम को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की योजना है। गुरू पूर्णिमा पर गोरखपुर आ रहे मुख्यमंत्री 27 जुलाई को इन कार्यक्रमों का शुभारंभ भी कर सकते हैं।
बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिया कि जेट्टी पर होने वाले कार्यक्रमों की साप्ताहिक रूपरेखा तैयारी की जाए तथा प्रत्येक सप्ताह कार्यक्रमों के लिए एक संबंधित कलाकार को नामित कर दिया जाए। कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को उनकी कलाओं के प्रदर्शन का पूरा मौका दिया जाए। उन्होंने नगर निगम और जलनिगम को रामगढ़ताल के किनारे साफ -सफ ाई, जलकुंभी हटाने और सफ ाई इंस्पेक्टर की नियमित ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सांस्कृतिक कलाकारों एवं योगाचार्यों की सूची भी मांगी है।
कमिश्नर ने रामगढ़ताल जेट्टी के आसपास शौचालय बनाने और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने को भी कहा। बैठक में प्रभारी डीएम व सीडीओ अनुज सिंह , एसएसपी शलभ माथुर, जीडीए उपाध्यक्ष अमित सिंह बंसल कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।