सहजनवां। थाना क्षेत्र के सीहापार हाल्ट में तेज रफ्तार बोलेरो फोरलेन फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में बोलेरो सवार प्रभावती देवी (62) की मौके पर ही मौत हो गई और प्रभावती देवी के नाती दीपक और सतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भेजा गया। क्षतिग्रस्त बेलोरो को क्रेन से हटवाया गया।
चिलुआताल के जगतबेला की रहने वाली प्रभावती देवी पत्नी स्व. हीरालाल यादव मंगलवार को अपने भाई फुन्नी यादव के घर टड़वा कला थाना सहजनवां आई थीं।
मंगलवार को वह नाती दीपक और सतेंद्र के साथ बोलेरो से शाम साढ़े सात चिलुआताल लौट रही थीं। सीहापार फोरलेन फ्लाई ओवर पर उनकी बोलेरो खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसे में प्रभावती की मौत हो गई। दीपक यादव, सतेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर सुनील राय मौके पर पहुंचे और घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजने के साथ ही घरवालों को सूचना दी।