गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। अवस्थापना संबंधी सुविधाओं की बढ़ोतरी करके औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेंगे। व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि शीघ्र प्रदेश में 35 हजार सिपाही भर्ती किए जाएंगे। इसके अलावा 25 हजार होमगार्ड पांच प्रमुख शहरों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था मुकम्मल होगी।
सीएम सर्किट हाउस में व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों की मांग पर गीडा में औद्योगिक थाना स्थापित करने का आश्वासन दिया। सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों ने गीडा में स्थायी सीईओ और महाप्रबंधक वित्त की मांग की। साथ ही गीडा में लैंड बैंक स्थापित करने, ब्याज माफी के प्रकरण के जल्द निस्तारित करने, सुरक्षा के दृष्टिकोण से गीडा में थाना स्थापित करने का मसला उठाया। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष आरएन सिंह ने बताया कि सीएम ने गीडा में औद्योगिक थाना स्थापित करने का आश्वासन दिया है। लैंड बैंक मसले पर उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को कम्हरिया घाट से जैतपुर लिंक फ ोरलेन मार्ग से जोड़ा जाएगा। जल्द ही इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। इस कॉरिडोर में लैंडबैंक बनाया जाएगा। वहीं व्यापारियों ने रामगढ़ ताल क्षेत्र में थाना स्थापित करने, व्यापारिक इलाकों की जर्जर सड़कों को ठीक करने, भलोटिया मार्केट की समस्या दूर करने, शहर को जाम की समस्या से दूर करने के लिए पार्किंग व्यवस्था बेहतर करने, पुलिस बल की संख्या बढ़ाने, जीएसटी और ई-वे बिल प्रणाली के सरलीकरण कराने समेत कई अन्य मसले सीएम के सामने रखे। इस पर सीएम ने कहा कि व्यापार सुरक्षा प्रकोष्ठ का गठन कर दिया गया है और एसपी क्राइम इसके नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस लिए बाजार खुलते एवं बंद होते समय पुलिस पिकेट अवश्य लगाई जाए। सीसी टीवी कैमरे चौराहों और व्यापारिक प्रतिष्ठान में लगाए जाएं। पुलिस से सत्यापन के बाद गार्ड तैनात किए जाए। बैठक में जवाहर कसौधन, पुष्पदंत जैन, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, उमेश चंद्र मद्धेशिया, प्रकाश नारायण पांडेय, मनीष, संजय सिंहानिया, रमेश चंद्र गुप्ता ने व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याएं रखीं। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अवस्थापना निधि से हो रहे हैं कई काम
सीएम ने कहा कि शहर के अवस्थापना संबंधी सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की जा रही है। दो करोड़ की लागत से प्रेमचंद पार्क के सामने चौड़ा नाला बनाया जा रहा है। 25 वर्षों में पहली बार सात किमी गोड़धोइया नाले की मशीन से सफ ाई कराई जा रही है। आठ हजार नए स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है। ठेला लगाने वालों का रजिस्ट्रेशन करके उनका पुनर्वास कराया जाएगा। पार्किंग के लिए नए स्थल विकसित किए जाएंगे। शहर के अंदर सड़के चौड़ी की जाएंगी। साहबगंज में सड़क एवं नाली बनाई जाएगी। भलोटिया मार्केट के जलभराव का स्थायी समाधान होगा। कमिश्नर को चारों जिलों में जिला पंचायत के माध्यम से पुराने कांजी हाउस को फिर से स्थापित कर छुट्टा पशुओं को रखने का निर्देश दिया।