मैच में भिड़ते दिल्ली और मध्य प्रदेश के खिलाड़ी।
- फोटो : Amar Ujala
अखिल भारतीय प्राइजमनी फुटबॉल प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए दो मैचों में दिल्ली ने जहां एमपी एकादश को 5-1 से हराया वहीं एक अन्य मैच में उड़ीसा ने मेजबान गोरखपुर को 4-0 से पराजित किया।
रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में पहला मैच कैग दिल्ली और एमपी एकादश के बीच हुआ। खेल के 13वें मिनट में ही दिल्ली के शहनवाज बशीर ने राइटन पोजीशन से गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। सात मिनट बाद ही दिल्ली के थामसन आकिब ने दूसरा गोल कर दिया। इसके बाद एमपी की टीम ने जोर लगाया। तेज तर्रार खिलाड़ी उदित ने खेल के 24वें मिनट में दिल्ली के डिफेंस को भेदते हुए गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया, लेकिन अगले ही पल दिल्ली के थामसन आकिब ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर दिया। हॉफ टाइम तक दिल्ली का स्कोर 3-1 रहा। दिल्ली के जसप्रीत ने 54वें मिनट और एजे दास ने 85वें मिनट में एक-एक गोल कर दिल्ली को 5-1 से एकतरफा जीत दिला दी।
दूसरा मैच एएफओ एकेडमी कटक उड़ीसा और डीएफ गोरखपुर के बीच हुआ। खेल के 12वें मिनट में ही उड़ीसा के राइट विंगर लखाई मुरमुर ने अपनी टीम को बढ़त दिला दी। हॉफ टाइम तक यही स्कोर रहा। खेल के 58वें मिनट उड़ीसा को पेनाल्टी किक मिली, जिसे एसएस आलम ने गोलपोस्ट में डालकर उड़ीसा का स्कोर 2-0 कर दिया। पूरी तरह एकतरफा रहे इस मैच के 86वें मिनट में जैन महतों ने टीम का तीसरा और अगले ही मिनट में जानसन ने चौथा गोल कर दिया। पूरे मैच में मेजबान गोरखपुर की टीम संघर्ष करती नजर आई।
आज के मुकाबले
बक्सर बनाम इंदौर दोपहर 12
टाटा फुटबॉल एकेडमी-एफएओ एकेडमी उड़ीसा दो बजे