गोरखपुर।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने मंगलवार को निकाय चुनाव की तैयारियां की समीक्षा की। बेनीगंज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में 62 विधानसभा क्षेत्र के विस्तारक मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच में जाएं। उन्हें योजनाओं की जानकारी दें। साथ ही बताएं कि सरकार की प्राथमिकता भ्रष्टाचार रहित प्रशासन देने की है। कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखना पहली प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को बूथ स्तर पर सुनाने के विशेष इंतजाम किए जाएं।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं की उन्नति के लिए काम कर रही है। एक नवंबर 2017 से 28 फरवरी 2018 के बीच किसानों से सीधे धान खरीदे जाएंगे। हर मंडल में क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसकी जानकारी किसानों को दी जाए। क्षेत्रीय महामंत्री ने कहा कि मंडल, सेक्टर और बूथ को मजबूत बनाकर चुनाव में जीत हासिल कर सकते हैं। इसे मजबूत बनाने की जिम्मेदारी विस्तारकों को दी गई है। क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल ने कहा कि निकाय चुनाव नजदीक है। अब मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर पर पदाधिकारी प्रवास करें। जनता से संवाद और संपर्क स्थापित करके सरकार की उपलब्धियां गिनाएं। इस मौके पर नागेश्वर, श्रवण पांडेय, अतुल श्रीवास्तव, डॉ. सत्येंद्र सिंहा, आदित्य प्रताप सिंह, शिव गोविंद गुप्ता, बलराम यादव, सत्य प्रकाश सिंह, देवेंद्र सिंह, पवन देव त्रिपाठी, धर्मनाथ खरवार, आनंद सिंह, प्रियेश गौड़, संतोष कुशवाहा और अभिषेक जायसवाल मौजूद रहे।