गोरखपुर।
मेडिकल कॉलेज प्रकरण के मुख्य आरोपी डॉ. राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी डॉ. पूर्णिमा शुक्ला ने बुधवार की रात थाने में गुजारी। अलग-अलग थाने में रखे गए डॉक्टर दंपती के व्यवहार भी अलग दिखे। गुलरिहा थाने में डॉ. राजीव बेचैन नजर आए। आधी रोटी खाने के बाद उन्होंने रोजमर्रा की दवाएं लीं वहीं डॉ. पूर्णिमा ने महिला थाने में रोटी-सब्जी खाने के बाद और पूरी रात सोकर बिताई। सुबह उन्होंने सूट की मांग की। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेशी को भेजा गया।
कानपुर से गोरखपुर आते समय भी डॉ. राजीव बेचैन थे। उन्होंने रास्ते में सिर्फ चाय पी, मगर डॉ. पूर्णिमा खाती-पीती रहीं। महिला थाने में रखे जाने के बाद डॉ. पूर्णिमा के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं दिखा। गुलरिहा थाने में डॉ. राजीव ने पत्नी से मिलने की इच्छा जताई। इसके बाद कैंट थाने में दोनों ने आपस में बात की और फिर पेशी पर चले गए।