गोरखपुर। गोरखधाम एक्सप्रेस में हो रही भीड़ को संभालने में आरपीएफ ज्यादा चौकस रही। हर बोगी में चेकिंग हुई और गैलरी व टॉयलेट के पास खड़े लोगों को नीचे उतारा गया। महिला बोगी में अपनी मां के साथ बैठे एक किशोर को आरपीएफ की महिला सिपाही ने जब नीचे उतारा तो महिला से जमकर तीखी बहस हुई, जिसके बाद किशोर को महिला बोगी में भेजा गया।
ट्रेन आने के बाद यात्रियों को लाइन से कोच में भेजने में आरपीएफ पूरी तरह से मुस्तैद रही। स्लीपर कोच में बगैर रिजर्वेशन के सवार यात्रियों को जबरन नीचे उतारा गया। महिला बोगी में सवार पूनम अपने बेटे के साथ बैठी थी। एक महिला सिपाही ने कई यात्रियों के साथ पूनम के बेटे को भी नीचे उतार दिया। पूनम साथ में होने की बात कहकर बोगी में चढ़ाने का अनुरोध किया लेकिन महिला बोगी में पुरुष के न चढ़ने का हवाला देकर आरपीएफ ने मना कर दिया। इसके बाद पूनम की आरपीएफ के जवानों से जमकर तीखी बहस हुई। इसके बाद किशोर को महिला बोगी में भेज दिया गया।