आठ दुकानदारों को नोटिस, 13 नमूने जांच को भेजे गए
होली को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन सतर्क
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। होली के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में 20 से अधिक दुकानों से 13 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। दुकानों पर साफ-सफाई और खाद्य पदार्थो का भंडारण ठीक ढंग से न करने पर आठ दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है।
जिगिनहवां, शिकारपुर, सिंदुरियां, सिसवा, निचलौल, बैरियां, कटहरी समेत अन्य स्थानों पर मिठाई एवं किराने की दुकानों की जांच की गई। इस दौरान 13 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें खाद्य तेल, पापड़, बेसन, हल्दी, मिठाई, नमकीन आदि शामिल है। अभिहित अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि होली को ध्यान में रखते हुए दुकानों की जांच कराई जा रही है। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी हाल में नहीं होने की दी जाएगी। जांच टीम में एसएन वर्मा, श्रीराम मौर्य आदि शामिल थे।