गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध पात्रता परीक्षा (रेट) के लिए आवेदन प्रक्रिया चार जनवरी से शुरू हो जाएगी। कुलपति प्रो वीके सिंह विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट ‘www.ddugu.ac.in’ का औपचारिक लोकार्पण भी करेंगे। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। आवेदन की आखिरी तिथि 25 जनवरी है। पीएचडी की कुल 1273 सीटों पर प्रवेश होगा। इसमें 32 विषयों की 1045 सीटें और कॉलेजों में संचालित 15 विषयों की 228 सीटें शामिल हैं।
शोध पात्रता परीक्षा के समन्वयक प्रो हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि परीक्षा फरवरी के दूसरे सप्ताह में होगी। पहली ऑनलाइन परीक्षा से संबंधित नियम, प्रक्रियाएं तथा सिलेबस आदि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर शुक्रवार से उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि रेट के लिए ऐसे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं जो वर्तमान में परास्नातक के अंतिम सत्र में अध्ययनरत हैं। शोध पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों की वैद्यता दो वर्ष तक होगी।
ऑनलाइन आवेदन का पंजीकरण शुल्क
गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध पात्रता परीक्षा 2018- 19 के ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में पंजीकरण के लिए सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के आवेदकों को 1000 रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति संवर्ग के आवेदकों को 500 रुपये शुल्क के तौर पर देने होंगे।
70 सवाल पूछे जाएंगे
गोरखपुर। रेट की परीक्षा दो चरणों में होगी। शोध पात्रता परीक्षा में कुल 70 सवाल पूछे जाएंगे। 35 साल शोध पद्धति पर आधारित होंगे और 35 सवाल संबंधित विषय से पूछ जाएंगे। परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन एवं कंप्यूटर आधारित होगी। परीक्षा में न्यूनतम 50 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी ही साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। परीक्षाएं विश्वविद्यालय की ओर से तय किए गए परीक्षा केंद्रों पर होंगी।