गोरखपुर। संत कबीर दास के महापरिनिर्वाण स्थली मगहर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन 2019 का आगाज किया। कबीर मंदिर, समाधि स्थल, मजार और कबीर गुफा जाकर प्रधानमंत्री ने देश-दुनिया के 44 करोड़ कबीरपंथियों को उनका हमराही होने का संदेश दिया। साथ ही उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम भारत के ऋषि, मुनियों का नाम और उनके समरसता के संदेश से कबीर के साथ उनका रिश्ता जोड़ा।
यह समझाया कि इन संतों की वाणी-शिक्षा से ही हमारी संस्कृति लंबी गुलामी के बाद भी बची रही। जातीय और सत्ता स्वार्थ में गठबंधन की राजनीति का विपक्ष पर आरोप लगाया और कहा कि ये लोग सियासी लाभ के लिए कबीर और दूसरे संतों की शिक्षा के विपरीत आचरण कर रहे हैं।
मोदी ने संत कबीर के दोहों के उद्धरण से बताया कि उनकी सरकार का मंत्र-सबका साथ, सबका विकास उन्हीं की दिखाई राह पर चलने की कोशिश है। कबीर दर्शन का जिक्र करके प्रधानमंत्री ने देशभर के गरीब, दलित और पिछड़ों को साधने की कोशिश की। कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान के जरिए समानता की राह प्रशस्त की। हद यह है कि विपक्ष ऐसे ही महापुरुषों के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति कर रहा है। इसी कारण वे जमीन से कट चुके हैं।
महापुरुषों को जाति विशेष का बताना उनका अपमान है। संत रविदास, महात्मा फुले, महात्मा गांधी के जिक्र प्रधानमंत्री ने सपा और बसपा को घेरा तो 43 साल पहले लगे आपात काल का जिक्र करके कांग्रेस निशाने पर लिया। हिंदू और मुस्लिम एकता का ठौर माने जाने वाली कबीरस्थली से तीन तलाक का मुद्दा उठाकर प्रधानमंत्री ने एक तीर से कई निशाने साधे। उन्होंने बिल लटकाने के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहरा कर मुस्लिम महिलाओें के बीच पैठ बनाने की कोशिश की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह कबीरवाणी को पथ प्रदर्शक मानते। उनका तो यहां तक मानना है कि न्यू इंडिया का सपना साकार ही कबीर के सब मानुस की जाति एक के सिद्धांत पर चलकर होगा। उनकी सरकार की विकास नीति इसी रास्ते पर चलने की कोशिश है। उपेक्षित इलाकों और वंचितों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए दोगुनी रफ्तार से प्रयास किए जा रहे हैं। भारत की एक-एक इंच भूमि को विकसित किया जाएगा।
उन्हें अपने बंगले की चिंता है
प्रधानमंत्री ने सबसे कड़ा प्रहार सपा-बसपा पर किया। कहा कि समाजवाद और बहुजन समाज की राजनीति करने वालों को खुद व परिवार के लिए करोड़ों के बंगले की फिक्र है। दलित, गरीब, पिछड़े, युवा, महिला, किसानों का नहीं। जब पूर्ववर्ती (अखिलेश) राज्य सरकार ने केंद्र की तमाम कोशिशों के बाद भी गरीबों के लिए बनने वाले आवासों की संख्या तक नहीं बताई थी। कर सकते हैं। खुद को जनता का भाग्य विधाता समझने वालों को यह पता नहीं हैं कि वह जड़ से उखड़ चुके हैं। वे भूल गए कि संघर्ष और विकास की बुनियाद मजबूत है। सरकार का मंत्र सबका साथ, सबका विकास है। सरकार दबे, कुचलों और गरीबों को मजबूत बनाना चाहती है। इस दिशा में ढेरों काम हुए हैं। यूपी में योगी की सरकार आने के बाद इस दिशा में काम हुआ और लाखों गरीबों को घर मुहैया कराया जा सका।
आप सब लोगन के पायलागी
मगहर की रैली में नमस्कार और साहेब बंदगी के साथ भोजपुरी में भाषण की शुरुआत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वांचल की जनता को भी साधा। कहा, ‘आज हम अपने के बड़ा सौभाग्यशाली मानत बानीं कि महान सूफी संत कबीर दास के स्मृति में हो रहल आयोजन में ई पावन धरती पे आइल बाटी। आज हमके इहां आके बहुत नीक लागत बा। पावन धरती के प्रणाम करत बानीं और आप सब लोगन के पायलागी।’ यह सुनते ही भीड़ का उत्साह दोगुना हो गया और पंडाल मोदी-मोदी से गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने तुरंत जोड़ा कि उनकी सरकार पूर्वांचल के सभी जिलों के पूर्ण विकास को लेकर संकल्पबद्ध है।
संत समागम की याद दिलाई
मगहर के मंच से प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा है। भगवान भोले की तीर्थ (अमरनाथ) यात्रा शुरू हो गई है। उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं और गोरक्षपीठ, कबीरमठ और गुरुद्वारे का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि बताया जाता है कि गुरु गोरखनाथ (गोरक्षपीठ के तत्कालीन महंत), गुरु नानक देव और संत कबीरदास ने मगहर में ही आध्यात्मिक चर्चा की थी।
यूपी को उत्तम प्रदेश बनाएंगे : योगी
संतकबीरनगर। संत कबीर दास के प्राकट्य पर्व पर मगहर में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी को उत्तम प्रदेश बनाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी और भीड़ के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का बिना भेदभाव विकास कराया जा रहा है। रामायण, कृष्ण और बौद्ध सर्किट बनाने का काम चल रहा है। स्वदेश दर्शन योजना के तहत यूपी की सांस्कृतिक विरासत को संवारा जा रहा है। यूपी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मगहर पहुंचे। पहले कबीर मंदिर गए, फिर समाधि स्थल जाकर दर्शन किया। कबीर अकादमी के शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री कबीर मठ के पास रैली में पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता में विश्वास जगाया है। सरकार के चार साल पूरे हो गए। प्रधानमंत्री को कौन कहे, उनके मंत्रिमंडल के किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हैं। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है।
गांव, गरीब, युवा, महिला और किसानों के लिए काम हो रहा है। हमेशा हाशिए पर रहने वाले पूर्वी उत्तर प्रदेश को बहुत कुछ मिला है। गोरखपुर में खाद कारखाना और एम्स का निर्माण चल रहा है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में आठ सुपर स्पेशियलिटी यूनिट खुली हैं। बस्ती, सिद्धार्थ नगर और देवरिया में मेडिकल कॉलेज बनेंगे। दो नई चीनी मिलों का शिलान्यास किया जा चुका है। अब प्रधानमंत्री मगहर आए हैं। इसकी वैश्विक मान्यता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि मगहर आने से सभी घबराते थे। यह पहला मौका है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां आए हैं। प्रधानमंत्री ने विकास से जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद को खत्म किया है।