सिद्धार्थनगर। नकल के सहारे यूपी बोर्ड परीक्षा की वैतरणी पार करने की आस लगाए छात्र-छात्राएं सचेत हो जाएं। इस बार केंद्रों पर नकल का खेल नहीं चलेगा। शासन ने इसके लिए स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं। मंगलवार देर शाम तक चली वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि अगर केंद्र पर तीन से अधिक नकलची और नकल सामग्री पकड़ी गई तो डीएम और डीआईओएस सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। परीक्षार्थी और केंद्राध्यक्ष के साथ उन पर भी कार्रवाई होगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा नकल विहीन संपन्न कराने के लिए केंद्रों के इर्द-गिर्द धारा-144 लागू करने के साथ ही सचल दस्तों का गठन किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती भी गई है। इन सबके बावजूद सरकार नकलचियों को किसी तरह की छूट नहीं देना चाहती। लिहाजा नकल रोकने के लिए सीधे तौर पर डीएम और डीआईओएस को जवाबदेह बनाया गया है। मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा पुलिस-प्रशासन और शिक्षा विभाग के अफसरों से सीधे रूबरू हुए और परीक्षा केंद्रों की तैयारियों की जानकारी ली। सीएम ने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा की सुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। केंद्रों के बाहर आंतरिक सचल दस्तों के माध्यम से तलाशी लेकर सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी परीक्षार्थी नकल सामग्री के साथ अंदर दाखिल न हो पाए। छात्राओं की तलाशी के लिए महिला कर्मचारियों की तैनाती हो।
सचल दस्ते लगातार भ्रमण करते रहें। अगर किसी भी केंद्र पर तीन या इससे अधिक नकलची और नकल सामग्री पकड़ी गई तो केंद्राध्यक्ष पर कड़ी कार्रवाई होगी। डीएम और डीआईओएस को भी जिम्मेदार मानते हुए जवाब-तलब किया जाएगा। वित्तविहीन विद्यालयों के प्रबंधक या उसके परिवार का कोई भी सदस्य परीक्षा अवधि में केंद्र के दो सौ मीटर के दायरे में नहीं होना चाहिए। परीक्षा केंद्र में सिर्फ उन्हें ही प्रवेश दिया जाए जो अधिकृत किए गए हैं। सीएम से मिली हिदायतों के बाद जिला प्रशासन और भी सतर्क हो गया है। डीआईओएस के माध्यम से केंद्र संचालकों को निर्देशों से अवगत कराया जा रहा है। डीआईओएस डॉ.राजबहादुर मौर्य ने बताया कि शासन की मंशानुसार सकुशल परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है।
40 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तय
सिद्धार्थनगर। छह फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 40 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। स्टेटिक मजिस्ट्रेट की यह टीम हाईस्कूल में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और इंटर में गणित, भौतिकी, रसायन व अंग्रेजी विषयों की परीक्षा के दिन विशेष रुप से सक्रिय रहेगी। प्रत्येक टीम केंद्रों का भ्रमण कर नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराएगी और इसकी रिपोर्ट डीआईओएस को दी जाएगी।