गोरखपुर। निकाय वोटर लिस्ट का सोमवार को अनंतिम प्रकाशन हो गया। 11 सितंबर से तीन अक्टूबर तक चले मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान 13,543 वोटर बढ़े। हालांकि बढ़े वोटरों की संख्या 39,101 थी, मगर 25,558 वोटर के नाम कटने से उनकी संख्या कम हो गई। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक 15 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। छूटे लोगों के वोटर बनने के साथ ही वोटर लिस्ट में नाम, पता सही कराने और कटवाने का यह आखिरी मौका होगा। 18 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। इसके बाद निकाय चुनाव खत्म होने पर ही वोटर बनने का मौका मिलेगा।
नगर निकाय की वोटर लिस्ट में अब मतदाताओं की कुल संख्या 9,73,240 हो गई है। इनमें 8,55,754 वोटर नगर निगम के हैं। चुनाव को लेकर आयोग के साथ ही स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। आरक्षण को लेकर अनंतिम सूची जारी हो चुकी है और दावे-आपत्ति लेने के साथ ही उनके निस्तारण का भी काम चल रहा है। जल्द ही अंतिम सूची जारी होने की उम्मीद है।