गोरखपुर।
इस बार की दीपावली महिलाओं और बुद्धिजीवियों के लिए शुभ फल लेकर आएगी। त्योहार पर बन रहे खास योग एक ओर जहां गृहलक्ष्मी की स्थिति और मजबूत करने का कारक बनेंगे तो वहीं शोध, अध्यात्म, ज्ञान, विज्ञान आदि क्षेत्रों से जुड़े लोगों पर भी खुशियां बरसाएंगे। ज्योतिषीय गणनाओं में इस बार की दीपावली तंत्र साधना के लिहाज से भी काफी उत्तम बताई जा रही है।
ज्योतिषाचार्य पंडित शरद चंद्र मिश्र के मुताबिक इस बार 19 अक्टूबर को शुभ दिन गुरुवार को दीपावली पड़ रही है। सूर्योदय 6:19 बजे और अमावस्या रात्रि 11:42 बजे तक है। सुबह 7:47 पर हस्त नक्षत्र खत्म हो रहा है। इसके बाद पूरे दिन और रात चित्रा नक्षत्र होगा। चंद्रमा सुबह 8:15 बजे तुला लग्न में प्रवेश करेगा। तुला लग्न में दीपावली का सूर्योदय होगा। लग्न में सूर्य-बुध और गुरु एक साथ विराजमान होकर बुधादित्य और गुर्वादित्य नाम के शुभ योग बना रहे हैं। इसके साथ ही वैधृति और विष्वकुंभ योग भी बन रहे हैं। ये शुभ योग कानून व्यवस्था सुधारने का कारक बनेंगे और महिला अपराधों में कमी आएगी। धर्म, न्याय से जुड़े लोगों के लिए ये शुभ संयोग तरक्की के रास्ते खोलेगा। कला, शोध, ज्ञान-विज्ञान से जुड़े लोगों के लिए भी ये योग मंगलकारक बनेंगे।
...पर मंदा रहेगा बाजार
लग्न में मौजूद सूर्य-बुध की युति से बन रहा बुधादित्य योग बाजार के काम न आएगा। पंडित शरद चंद्र मिश्र के मुताबिक दीपावली पर बुध की दृष्टि व्यापार स्थान पर है, लेकिन इस स्थान पर मंगल की पूर्ण दृष्टि बुध के प्रभाव को काट रही है। व्यापार स्थान पर मंगल की पूर्ण दृष्टि पड़ने से बाजार में मंदी के आसार हैं। इसके साथ ही वैधृति और विष्वकुंभ योग भी बाजार में मंदी का इशारा कर रहे हैं।