गोरखपुर। डीएम राजीव रौतेला ने मंगलवार को मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा करते हुए फर्टिलाइजर कारखाने की कॉलोनियों के सभी घरों को खाली कराने के निर्देश दिए हैं। करीब डेढ़ दशक पूर्व कारखाना बंद होने के बाद भी उसकी कॉलोनी के कुछ घरों में अब भी वहां के कर्मचारी रह रहे हैं। इसी तरह डीएम ने एम्स के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश देते हुए उप निदेशक कृषि को गन्ना शोध संस्थान की जमीन में चल रहे दो कार्यालयों को खाली कराते हुए रिपोर्ट देने को कहा है।
खाद कारखाने की स्थापना की समीक्षा करते हुए डीएम ने बताया कि 15 अक्तूबर तक चहारदीवारी के भूमिपूजन की तैयारी पूरी हो जाएगी। एम्स के बारे में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि ले-आउट पास न होने से बिजली घर का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। इसी तरह संस्कृति विभाग ने ऑडिटोरियम निर्माण के लिए शासनादेश इसी सप्ताह जारी होने की जानकारी दी। बताया गया कि इसके बाद निर्मित भवन ध्वस्त करने की कार्रवाई होगी। डीएम ने इसे जल्द पूरा कराने को कहा। बताया गया कि रामगढ़ ताल प्रोजेक्ट लगभग तैयार है। दो या तीन दिन में इसे प्रस्तुत किया जाएगा। चिड़ियाघर निर्माण के बारे में कार्यदायी संस्था ने बताया कि पानी जमा होने काम नहीं हो पा रहा है। डीएम ने रोडवेज बस अड्डा निर्माण, कार्यशाला निर्माण, नया सवेरा योजना, फोरलेन निर्माण, अधिगृहीत भूमि का मुआवजा भुगतान की स्थिति, महेसरा में कूड़ाघर निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।