गोरखपुर।
अपने दोहों से विश्व को मानवता का संदेश देने वालेे राष्ट्रीय संत कबीर के मगहर स्थित समाधि स्थल के दिन बहुरने वाले हैं। पर्यटकों को लुभाने के साथ यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की फेहरिस्त में शासन की ओर से यहां साउंड एंड लाइट शो के आयोजन को हरी झंडी दी गई है। इसके जरिए कबीर के मानवता के संदेश वीडियो के माध्यम से दिखाए जाएंगे। वहीं हिंदू, मुस्लिम समेत विभिन्न धर्मों में आस्था रखने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने वाले इस समाधि स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए शासन ने 24.16 करोड़ का बजट जारी किया है। विश्व में कबीर ऐसे संत हैं, जिनकी मजार और समाधि दोनों ही मगहर में मौजूद है। यह स्थान विश्व में संत कबीर की निर्वाण स्थली के रूप में मशहूर है।
गोरखपुर शहर से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस स्थल के सौंदर्यीकरण का खाका तैयार हो गया है। पर्यटन के लिहाज से गोरखपुर की अहम भूमिका है। पास ही में बौद्ध परिपथ, नेपाल देश सटे होने से हजारों की संख्या में पर्यटकों को आवागमन होता है। कबीर की निर्वाण स्थली में पर्यटन के संसाधनों का विकास होने से वहां भी पर्यटकों की अच्छी संख्या पहुंचने की उम्मीद है। इस लक्ष्य से भव्य प्रवेश द्वार पर्यटकों का जहां इस्तकबाल करेगा। वहीं समाधि स्थल को रंगीन लुक देने के लिए सतरंगी लाइट्स लगाई जाएंगी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र मिश्रा ने बताया कि साउंड एंड लाइट शो की स्क्रिप्ट तैयार हो रही है। शासन से धनराशि मिल चुकी है, जल्द ही कार्यदायी संस्था को सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
इन सुविधाओं से बदलेगी सूरत
बाउंड्री की मरम्मत, प्रवेश द्वार, साउंड एंड लाइट शो, म्यूजिकल फाउंटेन, म्यूजियम, सोलर लाइट, बोट, सीसीटीवी कैमरा, ओपन एयर थियेटर, सोलर लाइट, एलईडी लाइट्स, बेंच, यात्री विश्रामालय