कुशीनगर। जिले में इस वर्ष कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का अगली कक्षा में नामांकन कराया जाएगा। डीएम के निर्देश पर इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्ययोजना बना ली गई है। निगरानी के लिए ब्लॉक स्तर पर नोडल अफसर नामित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
यह जानकारी देते हुए डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य जूनियर हाईस्कूल से मिली सूची से अपने विद्यालय में कक्षा नौ में नामांकित छात्रों का मिलान कर आठ अगस्त तक सूचना उपलब्ध कराएंगे। 11 अगस्त तक न्याय पंचायत स्तर पर संचालित पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक वंचित छात्रों के अभिभावकों से संपर्क कर नामांकन के लिए प्रेरित करेंगे। इसके बाद 14 अगस्त को जिला स्तर पर डीआईओएस, बीएसए और बीईओ की बैठक होगी। इसमें नामांकन की समीक्षा कर शत प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास होगा। इस कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्यों को 15 अगस्त को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसको सफल बनाने के लिए ब्लॉकवार नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। इसमें ब्लॉक पडरौना में शैलेंद्र दत्त शुक्ल, हाटा में एसपी सिंह, रामकोला में अमरजीत कुमार पांडेय, कप्तानगंज में जितेंद्र त्रिपाठी, खड्डा में डॉ. गोरख राय, कुबेरस्थान में सुरेंद्र कुमार मल्ल, तमकुहीराज में दहारी, सेवरही में डॉ. राणा प्रताप शाही, कसया में डॉ. रितेश चौधरी, फाजिलनगर में डॉ. अक्षवर पांडेय, विशुनपुरा में अश्वनी पांडेय, सुकरौली में डॉ. अरुण प्रताप सिंह, नेबुआ नौरंगिया में रामायन प्रसाद गुप्ता और दुदही ब्लॉक में गिरिजेश कुमार पांडेय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा जिला स्तरीय नोडल अधिकारी का कार्य हनुमान इंटर कॉलेज पडरौना के प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल देखेंगे।