धर्मसिंहवा(संतकबीरनगर)। स्वच्छता अभियान के तहत घर-घर शौचालय जरूरी होेने का नारा दिया जा रहा है। अतरी नानकार की सुमन इसके लिए नजीर हैं। शौचालय न होने पर वे ससुराल छोड़कर मायके चलीं गईं। ससुराल वालों को यह बात खटकी तो सास उर्मिला ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दे दिया। इस पर डीएम शुक्रवार को गांव पहुंचे और उर्मिला घर शौचालय की नींव रखी। यही नहीं सुमन को सम्मानित भी किया।
सांथा के अतरी नानकार निवासी उर्मिला पत्नी प्रहलाद ने 18 जुलाई को शौचालय न होने का प्रार्थना पत्र तहसील दिवस में दिया। इसमें उर्मिला ने बताया कि शौचालय न होने के कारण उनकी बहू सुमन अपने मायके चली गई है। इसे डीएम मार्कंडेय शाही ने गंभीरता से लिया और शौचालय निर्माण कराने का निर्देश जारी किया। यही नहीं डीएम ने खुद अतरी नानकार जाकर शौचालय की नींव रखने का निर्णय लिया। इसके बाद गांव में जगह - जगह सफाई होने लगी। शुक्रवार को डीएम उर्मिला के घर पहुंचे और शौचालय का नींव रखी। इस दौरान उन्होंने उर्मिला और उसकी बहू सुमन को प्रशंसा पत्र भी दिया। डीएम ने ग्राम प्रधान से गांव में जिनके पास शौचालय नहीं है उसकी सूची बीडीओ सांथा को देने को कहा। साथ ही गांव में शत प्रतिशत शौचालय निर्माण का निर्देश भी दिया। इस अवसर पर एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी, तहसीलदार वाचस्पति सिंह, एडीओ पंचायत रविंद्र सिंह, डीसी पंचायतीराज प्रदीप कुमार त्रिपाठी, इंसपेक्टर धर्मसिंहवा ईश्वर चंद्र प्रधान सहित तमाम लोग मौजूद रहे।