हैंसर(संतकबीरनगर)। मंगेतर के प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर धनघटा क्षेत्र के पटखौली गांव की सुनीता ने खुदकुशी की थी। ऐसा आरोप लगाते हुए पिता ने सोमवार को तहरीर दी। इस आधार पर पुलिस ने मंगेतर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
रविवार को पटखौली निवासी बीए तृतीय वर्ष की छात्रा सुनीता(21) पुत्री सुभाष यादव की लाश टिनशेड में बांस की कुंडी से लटकती मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस मामले में सुनीता के पिता ने तहरीर देकर कहा कि उन्होंने बेटी की शादी कोडरी गांव निवासी पिंटू उर्फ अभिमन्यु यादव के साथ तय की थी। मंगनी हो चुकी थी और शादी की तिथि जल्द तय होनी थी। आरोप है मंगेतर कि हमेशा सुनीता के संपर्क में रहता था। जब वह कोचिंग के लिए धनघटा जाती थी तो उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच जाता था।
कुछ समय से मंगेतर बेटी को शक करने लगा था और जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। रविवार को भी पिंटू ने बेटी से बात की और उसके बाद बेटी ने आत्महत्या कर ली। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि सुभाष यादव की तहरीर पर पिन्टू उर्फ अभिमन्यु के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। आरोपी मंगेतर की तलाश की जा रही है।