सड़क पर रखे गिट्टी-बालू उठवाती जीडीए की टीम।
- फोटो : Amar Ujala
कई बार चेतावनी के बाद भी सड़क की पटरी पर बिल्डिंग मैटेरियल का कारोबार करने से बाज नहीं आ रहे लोगों पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार से शिकंजा कसना शुरू कर दिया। देवरिया बाईपास रोड पर जीडीए दफ्तर से लेकर भगत चौराहे तक प्राधिकरण के अफसरों ने कई दुकानदारों का करीब 20 ट्राली गिट्टी-बालू जब्त कर लिया। कार्रवाई शुरू हुई तो कई ने सड़क तक फैल चुके गिट्टी-बालू को समेटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क की पटरियों पर जमा बालू, गिट्टी का ढेर साफ हो गया। इस दौरान तारामंडल मोड़ से पहले एक मंदिर की आड़ में हुए अवैध कब्जे को भी प्राधिकरण की टीम ने तोड़वा दिया।
देवरिया बाईपास मोड़ से चिड़िया घर तक सड़क के किनारे दोनों तरफ बिल्डिंग मैटेरियल बेचने वाले कई दुकानदार सड़क की पटरी तक गिट्टी, बालू फैलाए रहते हैं। ये आए दिन दुर्घटना की वजह भी बनते हैं। एक साल से इन दुकानदारों पर कार्रवाई के लिए रणनीति बन रही हैं मगर सख्ती न हो पाने की वजह से शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क पर ही यह कारोबार चल रहा है। आईजी और कमिश्नर की अध्यक्षता में पिछले साल हुई बैठक में इन दुकानदारों पर कार्रवाई के लिए जीडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम भी बनाई गई थी, मगर दोनों महकमे हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। अब जीडीए ने सख्ती शुरू की है। पहले दिन भारी पुलिस बल के साथ प्राधिकरण के अफसरों ने डेढ़ दर्जन कारोबारियों पर कार्रवाई की। बुलडोजर की मदद से कुछ का गिट्टी- बालू, सड़क से दूर गड्ढे में फेंक दिया गया तो वहीं जहां अधिक ढेर मिला, प्राधिकरण ने उसे ट्रैक्टर ट्राली की मदद से अपने दफ्तर के परिसर में रखवा दिया।
29 और 30 को भी चलेगा अभियान
29 और 30 को भी अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण का बुलडोजर चलेगा। इन दो दिनों में देवरिया बाईपास से लेकर जीडीए दफ्तर तक सड़क के दोनों तरफ और अपनी कालोनियों से प्राधिकरण अतिक्रमण हटाएगा।