गोरखपुर। गोरखपुर के पहले सीएनजी स्टेशन की शुरुआत रविवार को बरगदवां में हो गई। ट्रायल के तौर पर पहले दिन चार गाड़ियों में सीएनजी डाली गई। सोमवार से इसकी विधिवत शुरुआत होगी।
रविवार को सुबह करीब आठ बजे दिल्ली की डीएल 1 एबी 1886 नंबर वाली पिकअप में सीएनजी डालने के साथ इस सेवा का शुभारंभ हुआ। दूसरे प्रदेशों की अन्य दो गाड़ियों के अलावा गोरखपुर की यूपी 32 एफवाई 9923 में भी सीएनजी डाली गई। चंद्रा पेट्रोल पंप की प्रोपराइटर अर्चना चंद्रा ने बताया कि सीएनजी फिलहाल वाराणसी से ट्रकों से लाई जा रही है। सीएनजी सेवा के उद्घाटन के दौरान एचपीसीएल के आरएम संजय कुमार, मृत्युंजय मणि, चंद्रा पेट्रोल पंप के डॉ. दीपक कुमार, सागर सिंह और टोरंट के मैनेजर एनएन तालुकदार मौजूद रहे।
एक पखवाड़े में शुरू हो जाएगा दूसरा स्टेशन
टोरंट गैस के एजीएम एनएन तालुकदार ने बताया कि अगले 15 दिनों में शहर का दूसरा सीएनजी स्टेशन शुरू हो जाएगा। नौसड़ स्थित कमला मोटर्स पर मशीन लगाने का काम चल रहा है। अगले वित्तीय वर्ष में टोरंट गैस प्राइवेट लिमिटेड गोरखपुर, संत कबीरनगर और कुशीनगर जिलों में कई सीएनजी स्टेशन शुरू करेगा। फिलहाल सीएनजी ट्रकों से वाराणसी से लाई जा रही है। गैस पाइपलाइन के चालू होने के बाद सीएनजी स्टेशन को पाइप लाइन के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
एक किलोग्राम में कर सकेेंगे 28 से 30 किलोमीटर की यात्रा
टोरंट के अधिकारी अजय बहादुर सिंह ने कहा कि वर्तमान में सीएनजी की कीमत 65.90 रुपये है। यह पेट्रोल की तुलना 45 प्रतिशत और एलपीजी की तुलना में 35 प्रतिशत किफायती है। एक किलोग्राम सीएनजी से चार पहिया वाहन से 28 से 30 किलोमीटर और तीन पहिया वाहन से 40 किलोमीटर तक की यात्रा की जा सकती है। सीएनजी किट जो करीह 40 हजार रुपये में आती है, की कीमत करीब पांच महीने में वसूल हो जाएगी।
किट लगाने पर मिलेगी पांच हजार की छूट
टोरंट कंपनी पहले 200 वाहन मालिकों को सीएनजी किट लगवाने पर 5 हजार रुपये छूट दे रही है। किट लगाने के लिए चंद्रा पेट्रोल पंप बरगदवा और टोरेंट गैस के प्रशांत टॉवर ट्रांसपोर्टनगर स्थित कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।