गोरखपुर। दिवाली के बाद ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ के चलते अब घर से वापसी की राह मुश्किल हो गई है। वहीं छठ के चलते बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनों में भी जगह के लिए मारामारी हो रही है। सभी ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में टिकट की बुकिंग बंद कर दी गई है। अगले एक महीने तक ट्रेनों में कन्फर्म बर्थ नहीं है।
शुक्रवार को मुंबई और दिल्ली की ट्रेनों में ठसाठस भीड़ थी। जनरल बोगी में चढ़ने के दौरान कई बार यात्रियों में धक्कामुक्की हुई। गोरखधाम एक्सप्रेस में भीड़ ज्यादा होने के चलते बहुत सारे मुसाफिर चढ़ ही नहीं सके। महिला बोगी में भीड़ अधिक होने के चलते कुछ महिलाओं ने ऊपर की सीट पर बैठकर सफर किया।
गोरखधाम एक्सप्रेस और कुशीनगर एक्सप्रेस के जनरल कोच में आरपीएफ ने लाइन लगवाकर लोगों को चढ़ाया। आधी लाइन में ही ट्रेन फुल हो गई। उसके बाद सामान लेकर यात्री ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते रहे। कुछ यात्री स्लीपर कोच में सवार हो गए। हाल यह हो गया कि यात्री गैलरी और टॉयलेट के आसपास लोग बैठकर गए। ट्रेन के छूटने तक यात्री चढ़ने के लिए मशक्कत करते रहे।
प्रमुख ट्रेनों में कब तक वेटिंग टिकट
सत्याग्रह एक्सप्रेस 18 दिसंबर
हमसफर एक्सप्रेस 21 नवंबर
आम्रपाली एक्सप्रेस 26 दिसंबर
अवध असम एक्सप्र्रेस 13 नवंबर
वैशाली एक्सप्रेस 05 दिसंबर
गोरखधाम एक्सप्रेस 21 दिसंबर
डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 13 नवंबर
बाघ एक्सप्रेस 03 दिसंबर
पूर्वांचल एक्सप्रेस 03 दिसंबर
पनवेल एक्सप्रेस 18 दिसंबर
एलटीटी एक्सप्रेस 19 दिसंबर
अवध एक्सप्रेस 19 दिसंबर
कुशीनगर एक्सप्रेस 17 दिसंबर
दरभंगा एसी स्पेशल 22 घंटे विलंब
गोरखपुर। नई दिल्ली दरभंगा एसी स्पेशल 22 घंटे विलंब से पहुुंची। इस ट्रेन को गोरखपुर गुरुवार की रात 12.15 बजे पहुुंचना था, जबकि यह ट्रेन शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे पहुुंची। ट्रेन के विलंब से पहुुंचने के चलते बहुत सारे यात्रियों का शेड्यूल खराब हो गया। पूरा दिन उन्होंने ट्रेन में ही गुजार दिया। इसी तरह आनंद विहार से आने वाली स्पेशल ट्रेन भी करीब 14 घंटे विलंब से आई।