प्रधानों को मिजिल्स रूबेला टीकाकरण की दी जानकारी
ब्लॉक स्तरीय कोर ग्रुप की बैठक संपन्न
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। सदर ब्लॉक सभागार में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में ग्राम प्रधानों व ब्लॉक स्तरीय कोर ग्रुप के लोगों मिजिल्स रूबेला (खसरा) के टीकाकरण के लिए 26 नवंबर से शुरू होने वाले कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी गई।
सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने ग्राम प्रधानों से कहा कि वह अपने गांवों के लोगों को मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान के बारे में जागरूक करें। उन्होंने मिजिल्स रूबेला टीकाकरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सदर बीडीओ सूर्य नारायण मिश्र ने कहा कि प्रधान गांवों में बैठक कर अभियान के बारे में जानकारी दें। जिससे 26 नवंबर से चलने वाले इस अभियान में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अगर कोई परिवार टीकाकरण से मना करता है तो उसे इससे होने वाले लाभ के प्रति जागरूक करें। इस मौके पर सीडीपीओ विमला मिश्रा, ब्लॉक कोआर्डिनेटर यूनिसेफ शालिनी त्रिपाठी, ब्लॉक कम्यूनिटी प्रोसेस मैनेजर लवली वर्मा, राहुल कुमार के अलावा काफी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक परिसर में स्वास्थ्य विभाग के लोगों ने बीडीओ रविन्द्र वीर की अध्यक्षता में खसरा-मिजिल्स रूबेला टीकाकरण का प्रशिक्षण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया। बीसीपीएम अम्बरीश पटेल ने कहा अभियान के दौरान नौ माह के बच्चे से लगायत पंद्रह वर्ष तक किशोरों को मिजिल्स रूबेला का टीका लगवाएं। इस दौरान अखिलेश पांडेय, डॉ. श्याम बाबू, सीडीपीओ विजय प्रकाश चौधरी आदि मौजूद रहे।