गोरखपुर। परिवहन निगम की बसें अब छोटे स्टॉपेज पर भी रुकेंगीं। आय और सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से परिवहन निगम ने यह फैसला किया है। चालक, परिचालक यात्रियों को उतारने और बैठाने का काम करेंगे। कहीं से भी बस न रुकने की शिकायत आई तो संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई होगी।
यह जानकारी परिवहन निगम गोरखपुर परिक्षेत्र के नोडल अधिकारी जयदीप वर्मा ने दी। शनिवार को उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय में परिवहन अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि छोटे स्टॉपेज पर भी यात्री बसों का इंतजार करते हैं।
अधिकतर बसें रुकती ही नहीं हैं। जिस वजह से यात्रियों को असुविधा होती है। चालक और परिचालक रास्ते में यात्रियों को चढ़ाते और उतारते हुए चलें। सावन माह में जगह-जगह लगने वाले मेले और कावड़ियों की यात्रा को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को समय रहते रूट डायवर्जन और किराया निर्धारण के लिए निर्देशित किया। सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने चिह्नित स्पॉट और रात के समय बस संचलन को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी। कहा कि रात में चालकों को दो से पांच बजे तक अधिकतर झपकी आती है। उस समय चालक अतिरिक्त सतर्कता बरतें और आवश्यकतानुसार चाय पीते रहें।
क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गोरखपुर डिपो केके तिवारी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राप्तीनगर डिपो मुकेश कुमार आदि मौजूद थे। समीक्षा बैठक के पहले नोडल अधिकारी ने रेलवे बस डिपो का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवनों को देखा। यात्री सुविधाओं का भी हाल जाना। गर्मी में यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से उन्होंने डिपो परिसर में आटोमेटिक वाटर वेंडिंग मशीन लगाने का निर्देश जारी किया।