गोरखपुर। गोरखपुर क्षेत्र के 62 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का किसान सम्मेलन रविवार से शुरू होगा। 20 जुलाई तक चलने वाले इस सम्मेलन में भाजपा नेता, कार्यकर्ता किसानों से सीधा संवाद करेंगे। उन्हें बताएंगे कि मोदी सरकार ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में ही खरीफ की फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाया गया है।
भाजपा मिशन 2019 की तैयारी में जुटी है। शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ, मंडल स्तरीय कार्यक्रम के बाद पार्टी अब किसानों को साधने में लगी है। इसके लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा और गोविंद माधव को क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रमुख बनाया गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रमुख ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र में 10 जिले हैं, जबकि अकेले गोरखपुर में नौ विधानसभा क्षेत्र हैं।
संतकबीरनगर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और महराजगंज के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भी किसान सम्मेलन होगा। आजमगढ़, मऊ और बलिया में भी सम्मेलन को सफल बनाना है। इन जिलों में विधानसभा की 62 सीटें हैं। इनमें से ज्यादातर सीटें भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों के पास हैं। सम्मेलन का समापन 21 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाहजहांपुर में करेंगे। वहां प्रधानमंत्री की किसान रैली प्रस्तावित है।