पकौड़ी बेचकर विरोध जताते बिजलीकर्मी।
- फोटो : Amar Ujala
निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति ने राजकीय पॉलिटेक्निक, असुरन चौक के पास पकौड़ी और चाय बेचकर विरोध जताया। इस दौरान वह राहगीरों को निजीकरण के नुकसान और कर्मचारियों के भविष्य पर खतरे के बारे में आगाह करते रहे।
समिति के सचिव बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि बिजली महकमें का निजीकरण किए जाने पर समिति के सदस्यों के पास चाय-पकौड़ी बेचने के अलावा कोई रास्ता नहीं रहेगा। केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार तो मुहैया नहीं करा पा रही है बल्कि जिनके पास है उनसे छिनने पर उतारू है। इस दौरान राहुल श्रीवास्तव, कुलदीप श्रीवास्तव, बृजेश त्रिपाठी, एसडीओ पुनीत निगम, अभिषेक सिंह, प्रद्युम्न सिंह, निजी मिश्रा, कृष्णमोहन यादव, शशि कपूर, अमित श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। ।
आज नाटक का मंचन कर जताएंगे विरोध
विद्युत मजदूर संघर्ष समिति के सचिव बृजेश त्रिपाठी व आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि निजीकरण के विरोध के क्रम में रविवार को इंजीनियरिंग कॉलेज के पास शाम 5-6 बजे और टाउनहाल गांधी प्रतिमा के सामने 6-7 बजे के बीच नाटक मंचन किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को निजीकरण से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाएगा।
हिंद मजदूर सभा का भी मिला साथ
बिजली के निजीकरण के फैसले का हिंद मजदूर सभा ने भी विरोध करने का फैसला किया है। पूर्वी जोन के अध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने रेलवे स्टेशन स्थित केंद्रीय कार्यालय में बैठक के दौरान सरकार से फैसले के तत्काल वापस लेने की अपील की। इस दौरान सत्येंद्र त्रिपाठी, सुधाकर त्रिपाठी, जावेद अजीज आदि मौजूद रहे।