अष्ट सिद्धि नौ निधि के दाता की जयंती पर बजरंगबली के भक्तों में गजब का उत्साह दिखा। श्रीराम के सेवक और माता जानकी के दुलारे हनुमान को उनकी जयंती पर पूजने के लिए शहर के सभी हनुमान मंदिरों में तड़के से ही भक्तों की कतार लग गई। देर रात तक मंदिरों पर पूजा-पाठ आदि कार्यक्रम चलते रहे। कहीं सुंदरकांड तो कहीं रामचरितमानस का पाठ हुआ। किसी ने हनुमाननाष्टक का जाप करके अपने आराध्य को प्रसन्न करने का प्रयास किया तो किसी ने सौ बार हनुमान चालीसा जप करके अभीष्ट प्राप्ति की कामना की। वहीं हनुमान जयंती पर शोभायात्रा भी निकाली गई। जगह-जगह भंडारा भी आयोजित हुआ। गोरखनाथ मंदिर, बेतियाहाता स्थित हनुमान मंदिर, गोलघर काली मंदिर, गोरखनाथ मंदिर, जटाशंकर स्थित हनुमान मंदिर, हट्ठी माता मंदिर, हनुमान गढ़ी लालडिग्गी आदि मंदिरों में पूरे दिन भक्तों की भीड़ लगी रही।
झुंगिया बाजार में हुई विशेष आराधना
गोरखपुर। झुंगिया बाजार स्थित हनुमान व मां दुर्गा मंदिर में हनुमान जयंती पर कर्मचंदानी परिवार द्वारा विशेष पूजा का आयोजन किया गया। 22 वर्षों से आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्वाह्न 11 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके बाद बजरंग बली की आरती की गई। राहगीरों में शर्बत तथा मंदिर में आने वाले भक्तों के बीच प्रसाद के साथ ही हनुमान चालीसा व दुर्गा चालीसा का वितरण भी किया गया। पूजन में ओक प्रकाश कर्मचंदानी, कीर्ति कर्मचंदानी, विनीत कर्मचंदानी, मिनी कर्मचंदानी आदि की सहभागिता रही।
कालीबाड़ी में महामहोत्सव मनाया गया
संकट मोचन काली बाड़ी मंदिर रेती चौक में हनुमान जयंती महामहोत्सव का आयोजन हुआ। महंत रवींद्र दास के नेतृत्व में गोपाल पांडेय व उनके साथियों ने संगीतमयी सुंदरकांड पाठ किया। प्रात: काल पट खुलने के बाद अभिषेक व भोग, आरती, हनुमान चरित्र पाठ, भजन आदि के कार्यक्रम हुए। इस दौरान हनुमान महाप्रभु पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन भी हुआ। वस्त्र बदलने के बाद शृंगार, महाआरती हुई और महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान पंडित अयोध्या शर्मा, उपेंद्र पांडेय, हरेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।
लालडिग्गी में हुआ सुंदरकांड पाठ
विश्व हिंदू महासंघ के तत्वावधान में लालडिग्गी स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। शुभारंभ गणेश व हनुमान जी को अंगवस्त्र, फल, फूल, मिठाई आदि भेंट कर किया गया। इस दौरान राधाकांत वर्मा, रेखा वर्मा, अनामिका अग्रहरि, बबलू अग्रहरि, दिलीप मोदनवाल, राजेंद्र गुप्ता, राधाकांत वर्मा, दिनेश गुप्ता, सतीश चंद्र जैसवाल, राधिका वर्मा, प्रिंस वर्मा, शिव घनश्याम मोदनवाल आदि की सहभागिता रही।
डीहराज मंदिर से निकली शोभायात्रा
हनुमान जयंती पर शनिवार को डीहराज मंदिर, उत्तरी कुर्मियान टोला से हनुमानजी की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ बड़ी संख्या में भक्त नाचते-झूमते शोभायात्रा में निकले तो देखते ही बना। हनुमानजी का रथ व झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा से पूर्व मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने पूजन-अर्चन किया। इसके बाद यात्रा शुरू हुई। यात्रा डीहराज मंदिर से शुरू होकर तरंग चौक, आर्यनगर चौक, बेनीगंज चौक, दुर्गाबाड़ी होते हुए पुन: डीहराज मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में विजय पताका लेकर चल रहे बाल हनुमान के रूप में सुसज्जित बच्चे लोगों का मन मोह रहे थे। मुख्य यजमान ओम प्रकाश चौरसिया व विद्या देवी रहीं। संरक्षक वरुणजी चौरसिया ने बताया कि इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पुष्पदंत जैन, दुर्गेश बजाज, जीतेंद्र सैनी, उजेर अहमद, बृजभूषण चौधरी, विजय सिंह, विजय चौधरी आदि मौजूद रहे।
पदयात्रा में गूंजे हनुमान के जयकारे
श्रीसालासर हनुमान जयंती महोत्सव समिति साहबगंज की ओर से शनिवार को पदयात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की। इस दौरान भजनों से माहौल भक्तिमय रहा और भगवान हनुमान का जयघोष गूंजता रहा।
पदयात्रा की शुरुआत मेयर सीताराम जायसवाल, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय, जीतेंद्र सैनी ने रथ खींचकर की। पदयात्रा लक्ष्मीनारायण मंदिर साहबगंज से शुरू हुई जो खूनीपुर, चौरहिया गोला, बक्शीपुर, नखास चौक, रेती चौक, घंटाघर, मदरसा चौराहा, लालडिग्गी होते हुए हनुमानगढ़ी मंदिर लालडिग्गी पहुंच कर समाप्त हुई। इसमें महिलाएं 151 निशान लिए सबसे आगे समूह गान करते हुए चल रही थीं। उनके पीछे चार घोडियों पर श्रद्धालु विजय पताका लिए आगे बढ़ रहे थे। साथ में नगाड़ा व बैंडबाजा की मधुर धुन वातावरण में गूंज रही थी। सबसे पीछे भजन गायक नंदू मिश्रा मंडली के साथ भजन गा रहे थे। शिव परिवार की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
रंगमंडल के कलाकार स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करते चल रहे थे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा करके शोभायात्रा का स्वागत किया। विशेष पूजन अभिषेक के बाद गोपाल पांडेय ने संगीतमयी सुंदरकांड की प्रस्तुति दी। सायंकाल हनुमान गढ़ी प्रांगण में भजन संध्या का प्रारंभ अनूप अग्रहरि व अनिल जायसवाल ने ज्योति जलाकर किया। इस बीच सवामनी भोग, छप्पन भोग, आइसक्रीम भोग, महाप्रसाद भोग प्रभु के श्रीचरणों में अर्पित किया गया। मुख्य अतिथि के केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल रहे। विशिष्ट अतिथि महंत राम प्रकाश दास रामपुर अखाड़ा, मेयर सीताराम जायसवाल, विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, विपिन सिंह रहे।