चिलुआताल।
बाढ़ राहत का राशन न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को मोहरीपुर के प्राथमिक विद्यालय के सामने जाम लगा दिया। गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर जाम की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। समझाने के बाद भी ग्रामीण नहीं माने। बाद में तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे। इस दौरान करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई।
बरगदवा, अमवा, दौलतपुर, जंगल बहादुर अली गांवों के ग्रामीण मंगलवार को प्रधान व पार्षद पर सरकारी मदद न पहुंचाने का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आए। अमरावती, सुमन, संजय आदि ग्रामीणों का कहना था कि प्रधान, पार्षद और लेखपाल ने लिस्ट में काफी अनियमितता की है जिस वजह से तमाम पात्रों का नाम गायब हो गया है। इससे उन्हें राशन नहीं मिल पाया। मौके पर पहुंची चिलुआताल पुलिस से ग्रामीणों ने किसी सक्षम अधिकारी के हस्तक्षेप करने की मांग रखी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार तपन मिश्रा ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब ग्रामीण सड़क से हटे।