गोरखपुर।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पहुंचे टैंकर से रविवार तड़के 3:30 बजे सेंट्रल ऑक्सीजन प्लांट में लिक्विड ऑक्सीजन लोड कर दिया गया। इसके साथ ही गुरुवार से बीआरडी में गहराया ऑक्सीजन संकट फिलहाल समाप्त हो गया।
बताते चलें, पुष्पा सेल्स ने 69 लाख के बकाए के चलते मेडिकल कॉलेज को दी जाने वाली लिक्विड ऑक्सीजन की सप्लाई रोक दी थी। इसके चलते गुरुवार को प्लांट में लिक्विड ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। बाद में आपातकालीन व्यवस्था के तहत ऑक्सीजन सिलेंडर लगाए गए । इस बीच 36 घंटे के दौरान 50 से ज्यादा मरीजों की मौत हो गई। हालांकि, इसके बाद जुगाड़ के सिलेंडर से हालात संभालने की कोशिश हुई। शहर की एक फर्म से मेडिकल ऑक्सीजन की सप्लाई मंगाई जाने लगी। इस बीच 11 अगस्त को फर्म को 40 लाख रुपये का बकाया भुगतान किया गया। उसी दिन फर्म ने कंपनी को यह रकम भेजकर ऑक्सीजन टैंकर की तत्काल आपूर्ति की व्यवस्था करने का अनुरोध किया था। इसके बाद आक्सीजन टैंकर शनिवार आधी रात के बाद बीआरडी में पहुंचा।
---
खत्म हुआ लो प्रेशर
लिक्विड ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू होने के बाद वार्डों के यंत्रों में ऑक्सीजन गैस का प्रेशर भी ठीक हो गया। शनिवार को विभिन्न वार्डों में ऑक्सीजन का प्रेशर लो था। रविवार को ऐसी दिक्कत नहीं रही।