कुशीनगर। हाटा के बाघनाथ चौराहे पर रविवार की शाम करीब छह बजे हाइवे पार कर रहे एक अधेड़ व्यक्ति को गोरखपुर की ओर से आ रही बाइक ने टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो लोग भी घायल हो गए। लोगों की मदद से सभी घायलों को हाटा सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि एक का इलाज चल रहा है।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के मोतीपाकड़ कविलेसहा गांव के सजरौनी टोला निवासी 50 वर्षीय कन्हैया सिंह किसी काम से हाटा आए हुए थे। वह बाघनाथ चौराहे पर हाइवे पार रहे थे। उसी समय गोरखपुर की ओर से आ रहे एक बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में कन्हैैया सिंह, बाइक पर सवार पडरौना कोतवाली के पकड़ी धूसटोला निवासी 45 वर्षीय उदयभान और 35 वर्षीय बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से तीनों घायलों को हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद कन्हैया सिंह और उदयभान की हालत नाजुक बताते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।