गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार नेप्रधानमंत्री कौशल विकास कार्यक्रम में युवाओं को नई राह प्रदान की है। कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता है। हमारा दृष्टिकोण ही उसे छोटा या बड़ा बनाता है। उन्होंने आह्वान किया कि सेवा भाव जिस काम में भी लगे है, पूरी तन्मयता और ईमानदारी से उसे करे। निश्चित तौर पर ही आप सफलता की बुलंदियों को छू लेंगे। वह गोविवि में आयोजित मंडलीय रोजगार मेले के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
इस दौरान व्यवसायिक शिक्षा एवं खेल मंत्री चेतन सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के एक करोड़ लोग बेरोजगार हैं। सरकार के गठन के बाद युवाओं को रोजगार मुहैया कराना सरकार की पहली प्राथमिकता रही है। कौशल विकास मिशन, आईटीआई और सेवा योजन कार्यालय के माध्यम से इस वर्ष दो लाख 16 हजार युवाओं को नौकरी प्रदान की जा चुकी है। प्रधानमंत्री कौशल विकास कार्यक्र्रम के अंतर्गत पूरे देश में युवाओं को रोजगार देने के मामले में प्रदेश सरकार पहले पायदान पर है। सरकार हर वर्ष कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से दो लाख 50 हजार युवाओं को प्रशिक्षण दे रही हैं। अब तक कुल 6 लाख 50 हजार युवाओं को इसके माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उद्घाटन समारोह में एडी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर समा बांध दिया। इस अवसर पर मेयर सीताराम जायसवाल, विधायक सहजनवां शीतल पांडेय, विधायक संगीता यादव, सचिव व्यवसायिक शिक्षा भुवनेश कुमार, कमिश्नर अमित गुप्ता, डीएम के विजयेंद्र पांडियन, सीडीओ अनुज सिंह, सहायक निदेशक सेवा योजन अखंड प्रताप सिंह, आईटीआई जेडी राजेश राम आदि मौजूद रहे।