गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मार्च तक 50 हजार और पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। इसकी प्रक्रिया इसी महीने शुरू होगी। 20 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। बालिकाएं अभी से मेहनत शुरू कर दें तो सरकारी नौकरी हासिल करने का उनका सपना साकार होगा। यूपी के गोरखपुर, बदायूं और लखनऊ में पीएसी की नई महिला बटालियन में भी बेटियों को नियुक्तियां प्रदान की जाएंगी।
तीन दिवसीय (13-15) दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित टेराकोटा पॉटरी एवं खाद्य प्रसंस्करण विषयक ‘एक जनपद एक उत्पाद’ समिट में हिस्सा लिया। साथ ही रोजगार मेला का उद्घाटन किया। एक जनपद एक उत्पाद समिट में मुख्यमंत्री ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी चेतावनी दी। कहा कि भर्ती प्रक्रिया में जो भी व्यक्ति धांधली करेगा, उसके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई होगी। सारी संपत्ति जब्त की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 1.30 लाख युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है। 69 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 50 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पहले से चल रही है। पारदर्शी प्रक्रिया से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता है। हमारा दृष्टिकोण ही उसे छोटा या बड़ा बनाता है। सेवा का भाव हर शख्स के अंदर मौजूद रहना चाहिए। अब जिस काम में भी लगे है, पूरी तन्मयता और ईमानदारी से उसे करे। निश्चित तौर पर ही आप सफलता की बुलंदियों को छू लेंगे।
‘स्वरोजगार अपना रहे युवा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा अब उद्यमिता अपना रहे हैं। पढ़ाई के बाद नौकरी के पीछे भागने की जगह स्वरोजगार अपनाकर दूसरों को नौकरी दे रहे हैं। इंजीनियरिंग करने वाले 20 में से 18 युवाओं ने बातचीत के दौरान उनसे स्वरोजगार कर स्वावलंबी बनने के साथ दूसरों को रोजगार देने की इच्छा जताई है। प्रदेश सरकार ओडीओपी योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध करा रही है। यह योजना लाखों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का माध्यम बनेगी।