जिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने महंगाई का विरोध अनूठे ढंग से किया।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। मोटरसाइकिल, सिलिंडर को माला पहनाया-अगरबत्ती जलाई। ‘बहुत हो गई महंगाई की मार, अब कितना खून चूसेगी मोदी सरकार’ पोस्टर हाथ में लिए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और फिर मोटरसाइकिल और सिलिंडर को दफना दिया। रविवार को कांग्रेसियों ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का विरोध इस अनोखे तरीके से किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनवर हुसैन और उपाध्यक्ष एसएस पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेसी बेतियाहाता स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क के पास इकट्ठा हुए थे। अनवर ने कहा कि आम आदमी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। जिन महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस मिला है, वो भी बढ़ी कीमतों की वजह से गैस की रीफिलिंग नहीं करा पा रही हैं। ऐसे में सरकार की यह योजना भी बेमानी साबित हो रही है। इस दौरान कुसुम पांडे, दुर्गा राय, देवेंद्र निषाद, अयूब अली, सोनू कुमार, चंदन मद्धेशिया, अमजद अंसारी, इमरान खान, विजय गुप्ता, राजकुमार पासवान, दुर्गेश निषाद, दुर्गेश गुप्ता, मो. खालिद, इकबाल अहमद, सन्नू चौधरी आदि मौजूद रहे।