गोरखपुर। संतकबीरनगर के मगहर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के मद्देनजर सुरक्षा अधिकारियों समेत प्रधानमंत्री कार्यालय के 30 अफसर 26 से ही गोरखपुर में डेरा डाल देंगे। ये अफसर गोरखपुर-बस्ती मंडल के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। 28 जून को गोरखपुर से मगहर तक की प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए सेना के तीन हेलीकाप्टर भी पहले ही गोरखपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंच जाएंगे। डीएम के विजयेंद्र पांडियन और सीडीओ अनुज सिंह ने शनिवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर रैली की तैयारियों की समीक्षा की।
कबीरदास के 500वें परिनिर्वाण दिवस और 620वें प्राकट्य उत्सव में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 जून को मगहर आ रहे हैं। गोरखपुर से मगहर तक उनका पूरा कार्यक्रम पौने तीन घंटे का है। इस दौरान वे 24 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 26 जून को ही पीएमओ से आए अधिकारियों की गोरखपुर और संतकबीरनगर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें दोनों मंडल के कमिश्नर, डीएम समेत कई अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान शहर में जुटने वाले अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए जिला प्रशासन ने सभी सरकारी गेस्ट हाउस को 29 जून तक के लिए बुक कर लिया है।
राज्यपाल, सीएम और केंद्रीय मंत्री करेंगे स्वागत
गोरखपुर। 28 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गोरखपुर एयरफोर्स स्टेशन पर राज्यपाल राम नाईक , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई केंद्रीय और प्रदेश सरकार के मंत्री स्वागत करेंगे। स्वागत के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी प्रधानमंत्री के साथ मगहर जाएंगे।