गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संतकबीरनगर के मगहर में होने वाली रैली के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिन पहले 26 जून को ही गोरखपुर पहुंच जाएंगे। वह रैली से जुड़ी तैयारियों की जानकारी लेने के साथ ही इसे एतिहासिक बनाने की रणनीति बनाएंगे। गोरखपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ही प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 जून को संत कबीर दास के 620वें प्राकट्य उत्सव पर मगहर आ रहे हैं। इस दौरान उनकी रैली भी होगी। इसमें गोरखपुर-बस्ती मंडल के सात जिलों के कार्यकर्ता और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले करीब दो लाख लोग हिस्सा लेंगे। इस रैली को प्रधानमंत्री के मिशन-2019 का आगाज माना जा रहा है। रैली को सफल बनाने में कार्यकर्ता लगे हैं। अब मुख्यमंत्री भी गोरखपुर में डेरा जमाएंगे।
वह रैली से संबंधित हर तैयारी की समीक्षा करेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि 26 जून को कैबिनेट की बैठक है। इसमें हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री सीधे गोरखपुर आएंगे। वह रैली स्थल का निरीक्षण करेंगे। जो कमियां होंगी, उन्हें दूर करने के दिशा-निर्देश देंगे।