गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इंसेफेलाइटिस से मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान इंसेफेलाइटिस से पीड़ित चार मरीजों ने दम तोड़ दिया। वहीं इस बीच 15 नए इंसेफेलाइटिस मरीज भर्ती किए गए।
बीते 24 घंटे के दौरान इंसेफेलाइटिस ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती चार मरीजों की जान ले ली। बीमारी से दम तोड़ने वालों में गोरखपुर निवासी आठ वर्षीय प्रवेश, 15 वर्षीय मोहम्मद शाहिल, कुशीनगर की रहने वाली पांच वर्षीय नाजिया खातून व देवरिया की पांच वर्षीय रितु है।
वहीं भर्ती हुए 15 नए मरीजों में सबसे ज्यादा पांच मरीज कुशीनगर से हैं। इसके अलावा गोरखपुर से चार, देवरिया व संतकबीरनगर से दो-दो और बिहार व बस्ती से एक-एक मरीज भी बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती किए गए हैं। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आंकड़ों के मुताबिक मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में जनवरी से अब तक इंसेफेलाइटिस से पीड़ित 2020 मरीज भर्ती हो चुके है। इसमें 435 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। इस समय मेडिकल कॉलेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड में बीमारी से पीड़ित 78 मरीजों का इलाज चल रहा है।