गोरखपुर।
खजनी ब्लॉक के धाधूपार गांव में नवनिर्मित पानी की टंकी गिरने के मामले की जांच तेज हो गई है। चीफ इंजीनियर फैजाबाद के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया और सैंपल लिया। टीम पांच दिन में जल निगम के एमडी को रिपोर्ट देगी।
मंगलवार को जांच टीम के सदस्य चीफ इंजीनियर फैजाबाद राजीव निगम और एक्सईएन एआर सिंह धाधूपार गांव पहुंचे। मौके पर मौजूद लोगों और ग्राम प्रधान प्रह्लाद पांडेय से टंकी के निर्माण कार्य के दौरान हुई गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। खजनी प्रतिनिधि के अनुसार इस दौरान लोगों ने ठेकेदार के मानक के विपरीत काम कराने और खराब निर्माण सामग्री इस्तेमाल किए जाने के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान सहायक अभियंता बीके सिंह, अवर अभियंता दिलीप कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। जल निगम के मुख्य अभियंता आरपी सिन्हा ने बताया कि जांच टीम ने मानकों संबंधी जांच की। टीम पांच दिन में इस संबंध में एमडी जल निगम को रिपोर्ट देगी।
पानी मिला नहीं, सड़क भी खोद दी
खजनी। पानी की टंकी बन जाने के बाद लोगों को सप्लाई वाटर मिलने की संभावना थी, लेकिन टंकी ढहने की वजह से यह संभावना फिलहाल खत्म हो गई है। ग्रामप्रधान प्रतिनिधि प्रह्लाद पांडेय ने बताया कि अभी पहले चरण में धाधूपार गांव के 500 लोगों को पानी की सप्लाई देने के लिए पाइप लाइन बिछाई गई थी। वाटर सप्लाई के लिए पाइप डालने के दौरान गांव में संपर्क मार्गों की खुदाई भी हुई थी। इसे ठेकेदार को ही ठीक कराना था, लेकिन उसने इसे ठीक नहीं कराया। इससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।