कुशीनगर। खड्डा ब्लॉक मुख्यालय पर हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में हंगामे के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। बैठक में सदस्यों ने कई बार हंगामा किया। आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला नहीं थमने से नाराज पूर्व ब्लॉक प्रमुख बैठक छोड़कर चले गए। बैठक में विकास संबंधी कई प्रस्तावों पर चर्चा भी हुई।
ब्लॉक प्रमुख जिलाजीत यादव की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे से शुरू हुई बैठक में सदस्यों को पिछले प्रस्तावों व कराए गए कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद मनरेगा, राज्य वित्त आयोग, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वच्छता मिशन, समस्त पेंशन योजना, रबी कार्यक्रम आदि पर चर्चा शुरू हुई। इस बीच पूर्व ब्लॉक प्रमुख भगवान दयाल गुप्ता ने ब्लॉक प्रमुख की ग्राम प्रधान पत्नी पर अपने ही गांव में बेहतर विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगाया। इस बात को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। कुछ देर तक हंगामा के बाद नाराज पूर्व प्रमुख बैठक छोड़कर चले गए।
बैठक के अंत में बीडीओ कार्तिकेय मिश्र ने सभी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए व्यक्तिगत दुराग्रह को छोड़कर कार्य करना होगा। संचालन एडीओ पंचायत मैनेजर सिंह ने किया। इस दौरान प्रद्युम्न तिवारी, संजय राव, शैलेंद्र पाठक, सरतेज यादव, सत्यनारायण, जयप्रकाश, गोल्डी सिंह, संजय यादव, प्रमोद, गणेश कुशवाहा, रामकृपाल कन्नौजिया, सत्येंद्र प्रसाद, रामप्रताप प्रजापति, रामकल्प आदि मौजूद रहे।