गोरखपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ ने समस्याओं के समाधान को लेकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। रविवार को एमपीपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज में हुई मंडलीय बैठक में पदाधिकारियों ने वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय की दूसरी किश्त जारी करने, तदर्थ शिक्षक और प्रधानाचार्य का विनियमित करने, नई पेंशन योजना में अंशदान कटौती कराने आदि मांगों को लेकर आंदोलन करने की रणनीति बनाई। इसके अलावा गोरखपुर में यूपी बोर्ड का क्षेत्रीय दफ्तर खोलने के लिए सीएम और माध्यमिक शिक्षामंत्री का अभिनंदन करने का भी निर्णय लिया।
प्रांतीय मंत्री जगदीश पांडेय ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय में 17 जिलों के कामकाज की योजना वर्ष 2001 में स्थापना के समय ही बनी थी। लेकिन अब 11 जिलों तक ही इसे सीमित कर दिया गया है। कार्यालय के बनने से शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो जाएगा। जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल अफसरों से मिलकर फैजाबाद और आजमगढ़ मंडल के जिलों को गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय से संबद्ध कराने की कोशिश करेगा। प्रांतीय उपाध्यक्ष गंगेश्वर पांडेय ने कहा कि जल्द ही मंडल और प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में प्रांतीय संरक्षक रामदीन दुबे, श्रीप्रकाश शुक्ल, राधेश्याम श्रीवास्तव, इंद्रावती शुक्ला, रमेश सिंह, रीता श्रीवास्तव, प्रहलाद केसरी, दिलीप सिंह आदि मौजूद रहे।