फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Toppers Tour : ईमानदारी, सच्ची निष्ठा से ही मिलेगा टारगेट

Sat, 08 Jul 2017 09:51 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
कार्यक्रम में मौजूद टॉपर्स और विद्यार्थी। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
विद्यार्थियों के लिए सबसे जरूरी क्या होता है, प्रश्न से ‘अमर उजाला’, एबीसी क्लासेज और एस्प्रा ज्वैलर्स के ‘टॉपर्स टूर’ कार्यक्रम का शनिवार को सिविल लाइंस स्थित गोकुल अतिथि भवन में शुभारंभ हुआ। इसके सही जवाब की तलाश में एमबीबीएस, आईएएस, आईआईटी टॉपर्स और विद्यार्थियों के बीच कई मिनटों तक बात चलती रही। कुछ भी असंभव नहीं, प्लानिंग के साथ सफलता, दृढ़ संकल्प जैसे जवाबों के बीच सेंट्रल एकेडमी की अनुष्का मिश्रा ने अनुशासन को जीवन में सबसे महत्वपूर्ण बताया। इसके लिए वह शुरुआती पलों में ही पुरस्कार की हकदार बनीं। आईआईटी टॉपर शुभम गौतम, एमबीबीएस टॉपर्स डॉ. छत्रपाल यादव और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आईएएस अभिषेक गोयल ने अपने अनुभव साझा करते हुए सवालों के संतोषजनक जवाब देकर विद्यार्थियों की जिज्ञासा शांत की।
विज्ञापन


कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए टॉपर्स ने ईमानदारी और सच्ची निष्ठा के साथ टारगेट हासिल करने के लिए प्रेरित किया और अभिभावकों से बच्चों पर दबाव न बनाकर उनकी रुचि केे सेक्टर में आगे बढ़ाने का आग्रह किया। साथ ही मातृभाषा से समझौता न करने, निंदा करने वालों से बचने और आलोचकों को ध्यान से सुनने की बात कहकर आत्म विश्लेषण करने को कहा और खुद की कमियों को दूर करने को प्रेरित किया।

डॉ. छत्रपाल यादव ने कहा कि 100 में से 100 विद्यार्थी आईपीएस बनें, जरूरी नहीं। बिजनेस, शिक्षा और अन्य दूसरे क्षेत्र में भी अच्छा किया जा सकता है। हिंदी मीडियम वाले इंग्लिश से डरे नहीं, बल्कि निडर होकर समझने की कोशिश करेें। छात्र विपुल के टाइम मैनेजमेंट क्या होना चाहिए, के जवाब में डॉ. छत्रपाल ने बताया कि एक टारगेट चुने, ईमानदारी और सच्ची निष्ठा से रोजाना 4 से 6 घंटे पढ़ाई करें और साथ ही अपना शौक पूरा करना भी न भूलें। छात्रा चांदनी साहनी के सवाल कि इंजीनियर बनने के लिए आर्थिक स्थिति अच्छी होनी जरूरी है, के जवाब में डॉ. छत्रपाल ने कहा कि पुत्र और पैसा कर्म और किस्मत से मिलता है। कई बार ऐसा होता है, जिनके पास बहुत पैसा होता है, पुत्र नहीं और जिनके पास पुत्र होता है उनके पास पैसा नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों को आलोचकों से सीखने को प्रेरित किया। इससे पहले डॉ. छत्रपाल यादव, एबीसी क्लासेज के मोहित बदलानी ने आयोजकों से ज्योति प्रज्जवलित करके विजयी भव समारोह का शुभारंभ किया।
विज्ञापन


विद्यार्थियों और टॉपर्स के सवाल-जवाब
सवाल : घर में तैयारी कैसे करें?
जवाब : टेस्ट देते रहें, गाइडेंस लेकर खुद ही पढ़ाई करें।
सवाल : सफलता के लिए अंग्रेजी कितनी जरूरी है?
जवाब : भाषा से घबराने की जरूरत नहीं और भाषा से समझौता नहीं, मेहनत करते रहें।
सवाल : पढ़ाई करके भी असफल होने पर क्या करें?
जवाब : लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने की लगातार कोशिश करें, सेलेक्ट हो सकते हैं।
सवाल : शिक्षण में प्रतियोगिता को कैसे लिया जाए?
जवाब : दबाव में न आकर ग्रेजुएशन के बाद शिक्षण पर ध्यान दें।
सवाल : टाइम मैनेजमेंट कैसे करें?
जवाब : जल्दबाजी न करें, 4 से 6 घंटे लगन से पढ़ाई करें।
सवाल : असफल होने पर क्या करें?
जवाब : दो रास्ते, रिवैल्यूएट करें, रुचि देखें और कमियां दूर कर फिर एग्जाम दें।
सवाल : किसी विषय में कमजोर हैं तो क्या करें?
जवाब : ऐसे में जॉब संतुष्टि जरूरी है, जो अच्छा हो, वही करें।अनुभवी लोगों की मदद लें।
सवाल : एनसीईआरटी के अलावा साइड बुक्स का इस्तेमाल कर सकते हैं?
जवाब : किताबें ठीक होती हैं। सिलेबस पूरा करना बहुत जरूरी है।
सवाल : आईपीएस का इंटरव्यू कैसे होता है?
जवाब : 20 से 25 मिनट में अच्छा प्रभाव, बातचीत में फ्लो, पेशंस और झूठ बोलने से बचना जरूरी।
सवाल : क्या 90 फीसदी से ज्यादा अंक वाले ही आईपीएस या आईएएस बन सकते हैं?
जवाब : 70 फीसदी अंक वाले स्ट्रीम बदलकर आईपीएस या आईएएस बन सकते हैं।
सवाल : कमजोर विषय में स्ट्रांग कैसे बनें?
जवाब : उस विषय का जो माहिर हो, उससे विचार करें, दोस्तों से भी बातचीत करें।

रजिस्ट्रेशन काउंटर पर उमड़ी भीड़
‘टॉपर्स टूर’ प्रोग्राम में रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों की भारी भीड़ सुबह 9:30 बजे से ही गोकुल अतिथि भवन में बने दोनों काउंटर पर उमड़ी रही। लंबी-लंबी कतारें लगाकर विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया और प्रोग्राम में शामिल हुए। पंजीकरण का सिलसिला प्रोग्राम शुरू होने के बाद भी काउंटर पर जारी रहा। पूरा ऑडिटोरियम विद्यार्थियों से ठसाठस भर गया था। टॉपर्स से टिप्स लेने की लालसा लिए विद्यार्थी आयोजन स्थल पहुंचे और जिज्ञासाओं का समाधान किया।

सोशल नेटवर्किंग साइट्स ने गुदगुदाया 
सोशल नेटवर्किंग साइट्स के छह से सात घंटे तक इस्तेमाल से जुड़े सवाल और विद्यार्थी फराज के जवाब ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। बातचीत के दौरान फराज ने अपडेट रहने के लिए सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर मिस ढिनचक से अपडेट रहने की जैसे ही बात कबूली, पूरा ऑडिटोरियम ठहाकों से गूंज उठा। हालांकि फराज ने बाद में संभलते हुए पढ़ाई से टाइम निकालने के बाद ही पांच से छह घंटे फेसबुक और वाट्सएप के इस्तेमाल की बात कही। 


इन स्कूलों ने किया प्रतिभाग
ब्लॉसम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट्रल एकेडमी, जेपी एजूकेशन एकेडमी, संस्कृति पब्लिक स्कूल, रानीडीहा, लिटिल स्टॉर एकेडमी, केंद्रीय विद्यालय, लिटिल फ्लावर धर्मपुर, आरपीएम एकेडमी, गोरखपुर पब्लिक स्कूल, एबीसी पब्लिक स्कूल, एडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, मियांसाहब इस्लामिया इंटर कॉलेज, गौतम बुद्धा आदर्श इंटर कॉलेज
विज्ञापन


तीन मेधावी हुए सम्मानित
सार्थक कश्यप, क्लास 12वीं, जेपी एजूकेशन एकेडमी
अजय कुमार गुप्ता, 12वीं, गौतम बुद्धा आदर्श इंटर कॉलेज
अनुष्का मिश्रा, 12वीं, सेंट्रल एकेडमी
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें