गोरखपुर। जीएसटी लागू होने के पहले ही खुले बाजार ही नहीं ऑनलाइन बाजार पर भी इसका असर पड़ने लगा है। विभिन्न ऑनलाइन कंपनियां ग्राहकों को 5 से 20 प्रतिशत तक की छूट दे रही हैं।
जीएसटी के तहत सभी ऑनलाइन कंपनियों के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी है। ऐसे में उन्हें अपने पूरे स्टॉक का हिसाब-किताब ऑनलाइन रखना होगा। साथ ही अपने पुराने स्टॉक के बारे में भी न सिर्फ जानकारी देनी होगी, बल्कि छह महीने के अंदर उन्हें पुराना स्टॉक खत्म करना होगा। अन्यथा ऐसे व्यापारियों को टैक्स चुकाना पड़ेगा। लिहाजा पेटीएम, अमेजन, फ्लिपकार्ट जैसी ऑनलाइन कंपनियों ने छूट का ऑफर देना शुरू कर दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में विभिन्न कंपनियां सामानों की कीमतों पर और ज्यादा छूट देंगी।
चार्टर्ड अकाउंटेंट हिमांशु टिबड़ेवाल ने बताया कि स्टॉक क्लियरेंस के कारण न सिर्फ बाजार बल्कि ऑनलाइन कंपनियां भी छूट दे रही हैं। वजह यह है कि सभी ऑनलाइन कंपनियों के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी कर दिया गया है। ऐसे में उन्हें अपने स्टॉक का हिसाब ऑनलाइन देना होगा। दरअसल यह रिवर्स चार्ज मैकेनिज्म है। इसके तहत इन कंपनियों को जीएसटी लागू करना होगा, जिसे ऑनलाइन कंपनियां प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों से लेंगी।
बाइक, कार पर छूट की भरमार
जीएसटी के 1 जुलाई से लागू होने की पूरी संभावना देखते हुए बाइक और कार कंपनियाें ने भी छूट देनी शुरू कर दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों में टीवी, फ्रिज, एसी समेत अन्य उत्पादों पर भी भारी छूट मिलनी शुरू हो जाएगी।