जाति की राजनीति हिंदुओं को कमजोर बनाने की साजिश का हिस्सा है, इसलिए जरूरत है कि हम इससे ऊपर उठकर समाज में भाईचारा बनाएं। यह बातें शनिवार को जानकीनगर में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने कहीं।
उन्होंने युवाओं से संगठित होकर देश हित में कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि देश का भविष्य उन्हीं के कंधों पर है। वही तय करें कि कैसा देश व समाज चाहते हैं, फिर अपनी भूमिका निभाएं।
सह संगठन प्रभारी सुभाष गुप्ता ने प्रदेश की शासन व्यवस्था को समाज विरोधी व दमनात्मक बताया। स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि कुछ दल जातिगत राजनीति कर हिंदू समाज को बांटने का कार्य कर रहे हैं। जनता ये सब जान चुकी है, इसका जवाब जनता ही उन्हें देगी।
प्रदेश मंत्री अशोक सिंह ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शारदाकांत पांडेय, श्रावस्ती के जिलाध्यक्ष मनीष, बलरामपुर के जिलाध्यक्ष रंजीत आजाद, दिलीप गुप्ता, संयोजक नवीन सिंह, रोशन सिंह, श्रवण सोनी आदि मौजूद रहे।