गोंडा के मनकापुर कोतवाली में पुलिस कस्टडी में आरोपी संपूर्णानन्द शुक्ला।
- फोटो : GONDA
मनकापुर (गोंडा)। सीएम योगी आदित्यनाथ के गुरुवार को जनपद आगमन के चार घंटे पहले एक युवक ने डायल 112 पर धमकी दी। 112 कंट्रोल रूम पर धमकी मिलते ही हरकत में आई पुलिस आरोपी युवक को आईटीआई मनकापुर के आवासीय कॉलोनी से उठा लिया और कोतवाली ले आई। पुलिस आरोपी युवक से धमकी के बारे में पूछताछ कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद में गुरुवार को आगमन था। सीएम का जिला अस्पताल परिसर में कोविड अस्पताल का लोकार्पण का कार्यक्रम था। सीएम के आगमन को लेकर यहां पूरी तैयारियां चल रही थीं। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से लेकर जिला अस्पताल तक पूरे रास्ते पर पुलिस तैनात थी। यहां सुरक्षा एजेंसियों के लोग हर स्थिति के लिए तैयार नजर आ रहे थे। इसी बीच तकरीबन 11 बजे डायल 112 पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि मुझे सीएम से मिलना है। मैं गोंडा जा रहा हूं। यदि नहीं मिलने दिया गया तो...!
सीएम के लिए धमकी पर हरकत में आयी पुलिस ने कॉल ट्रेस की तो पता चला कि मनकापुर स्थित आईटीआई के संचार विहार कॉलोनी के एक आवास से कॉल की गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को उठा लिया और कोतवाली ले आई। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। कोतवाल मनकापुर मनीष जाट ने बताया कि आरोपी संपूर्णानंद शुक्ला के पिता राकेश कुमार शुक्ला आईटीआई मनकापुर में सहायक अभियंता हैं और आईटीआई स्थित कॉलोनी के एक आवास में रहते हैं। कोतवाल ने बताया कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
माता-पिता बोले: मानसिक रोगी है संपूर्णानंद
आरोपी युवक के पिता राकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि उनका बेटा वर्ष 2002 में घर से अचानक गायब हो गया था। जो इस वर्ष 06 माह पहले पता चला कि मुंबई में हैं। तीन माह पहले लॉकडाउन में मुंबई से लखनऊ पहुंचा और इसके बाद आईटीआई आया। तभी से आये दिन घर वालों को परेशान करता है। पिता ने बताया कि बेटे की दिमागी हालत ठीक नहीं है। बताया कि बेटे संपूूर्णानंद ने पर्यावरण व इकोनॉमिक्स से स्नातक किया है। पिता राकेश व मां उर्मिला देवी ने बताया कि उनका बेटा मानसिक रोगी है और उसका बनारस में इलाज चल रहा है।
डायल 112 पर एक युवक ने कॉल करके सीएम से मिलने की इच्छा जताई। न मिलने देने की दशा में धमकी दी थी। जिसे पकड़ लिया गया है। उससे पुलिस टीम पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -आरके नय्यर, पुलिस अधीक्षक