गैसड़ी। पचपेड़वा क्षेत्र में शुक्रवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो सगे भाई घायल हो गए। हालांकि दूसरा बाइक सवार भाग गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सिद्धार्थनगर जनपद के बढ़नी निवासी आनंद विक्रम जायसवाल (27), श्रीमन नारायण जायसवाल (24) और सौरभ जायसवाल (25) शुक्रवार रात करीब आठ बजे एक ही बाइक से बढ़नी से तुलसीपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में पचपेड़वा चौराहा और जुड़ी कुइंया चौराहा के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक चला रहे आनंद विक्रम जायसवाल के पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे भाई श्रीमन नारायण और सौरभ भी घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़वा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आनंद विक्रम की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार जिला अस्पताल से उन्हें बहराइच, वहां से लखनऊ और फिर दिल्ली रेफर किया गया। दिल्ली ले जाते समय शनिवार को रास्ते में आनंद विक्रम जायसवाल की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के भाई सौरभ ने बताया कि तीनों भाई गैसड़ी क्षेत्र में एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसके बाद देवीपाटन मंदिर दर्शन का भी कार्यक्रम था। रास्ते में पचपेड़वा के पास सामने से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि आनंद विक्रम हेलमेट लगाए हुए थे, जिससे सिर में चोट नहीं आई, लेकिन पैर और शरीर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत बिगड़ती चली गई। प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी मृतक पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। दूसरे बाइक चालक की पहचान भी नहीं हो सकी है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।