करनैलगंज। देवापसिया मार्ग पर बसालतपुर गांव के बाहर रविवार को बाइक फिसलने से एक युवक सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। आसपास के लोगों ने युवक को गड्ढे से निकालकर करनैलगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के कंचनपुर फरेंदा गांव निवासी राघव शुक्ल (28) अपनी ससुराल करनैलगंज क्षेत्र के मन्नीपुरवा बसालतपुर गांव निवासी रामदेव दीक्षित के यहां गए थे। रविवार को वह बाइक से देवापसिया मार्ग पर जा रहे थे। बसालतपुर गांव के बाहर अचानक बाइक फिसलने से वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे। पानी अधिक होने के कारण वह डूब गए।
हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राघव को गड्ढे से निकाला। सीएचसी करनैलगंज में डॉ. आलोक पांडेय ने राघव को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि सीएचसी से मिले मेमो के आधार पर शव पोस्टमार्टम भेजा गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।