गोंडा। जिले में रसोई गैस की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को स्टेशन रोड स्थित मैदान में गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को धूप में घंटों कतार लगना पड़ा। इस दाैरान कुछ युवाओं ने गैस संकट के विरोध में कतार में खड़े उपभोक्ताओं को मेलोडी टॉफी बांटी। साथ ही मेलोडी खाओ और समस्या भूल जाओ... का नारा लगाकर नाराजगी भी जताई।
गोंडा रसोई के संचालक पीयूष पांडेय ने कहा कि सरकार को आम लोगों की मूल समस्याएं नहीं दिख रही हैं। जिम्मेदार लोग और मीडिया मेलोडी चॉकलेट व टॉफी पर चर्चा कर रहे हैं, जबकि जनता गैस के लिए परेशान है। युवाओं के इस अनूठे विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई।
जुबेदा ने बताया कि वह लगातार दो दिन से बुकिंग का सिलिंडर लेने आ रही हैं, लेकिन हर बार स्टॉक खत्म होने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है। संदीप कुमार ने कहा कि चार घंटे तक लाइन में खड़ा रहा पर सिलिंडर नहीं मिला। जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि सभी गैस एजेंसी संचालकों को होम डिलीवरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। (संवाद)