इटियाथोक। दुबावल गांव में राहुल पासवान (18) की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सिसई बहलोलपुर निवासी राहुल पासवान बहलोलपुर बाजार में टेंट हाउस में काम करते थे। उनके भाई श्रवण कुमार ने बताया कि सिसई बहलोलपुर निवासी विपिन तिवारी शनिवार शाम को राहुल को काम से अपने साथ ले गया था। शाम सात बजे विपिन ने फोन करके राहुल की तबीयत खराब होने की सूचना दी। राहुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। भाई श्रवण का आरोप है कि राहुल की हत्या की गई है। रविवार शाम परिजनों ने घर के बाहर शव रखकर अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन परिजन नहीं माने।
वहीं, विपिन तिवारी के पिता जटाशंकर तिवारी ने बताया कि राहुल दुबावल गांव में विपिन के साथ गए थे। गांव में ही वह करंट की चपेट में आ गए। थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि राहुल के बड़े भाई श्रवण की तहरीर पर विपिन तिवारी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। छानबीन की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
राहुल चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। अन्य भाई श्रवण, अतुल और विपुल हैं। उनकी माता श्यामा और पिता बजरंगी सहित अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।