खोड़ारे (गोंडा)। क्षेत्र के बनगांव तिलखोरिया गांव निवासी बाबू रजा (40) की शनिवार दोपहर मछली पकड़ते समय पैर फिसलने से तालाब में डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से घंटों तलाश के बाद शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बाबू रजा शनिवार दोपहर अपने साथी मोहम्मद जलील के साथ मछली पकड़ने के लिए गांव से कुछ दूर स्थित बलुआ तालाब गए थे। जलील ने बताया कि दोपहर 12 बजे मछली पकड़ते समय पैर फिसलने से बाबू रजा गहरे पानी में जाकर डूब गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंच गए और तालाब में बाबू रजा की तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि कोल्हई गरीब गांव के दो गोताखोरों को बुलवाकर तालाब से शव निकलवाया गया। परिजनों के मुताबिक, बाबू रजा के परिवार में बेटा साबिर, बेटी साबिरा, साजिदा, सायरा और सानिया हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। (संवाद)