बालपुर (गोंडा)। कोतवाली देहात क्षेत्र में हड़ियागाड़ा चौराहे के समीप किराना दुकानदार के बेटे की सोमवार देर शाम करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि उसका दिव्यांग साथी झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के बालपुर बाजार निवासी बाउर कसौंधन की फतेहपुर हड़ियागाड़ा चौराहे के समीप किराना की दुकान है। बाउर के मुताबिक सोमवार देर शाम उसने दुकान बंद की। इसके बाद पड़ोस का रहने वाला दिव्यांग शिवम यादव (15) दुकान के सामने लगा लोहे का गेट बंद करने गया था। तभी वह गेट में उतरे करंट की चपेट में आ गया।
शिवम को चिपका देखकर बाउर का बेटा प्रमोद कसौंधन (25) उसे बचाने दौड़ा। मगर शिवम को छुड़ाने के प्रयास में वह भी करंट की चपेट में आ गया। पावर हाउस में फोन करके आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। जबकि शिवम का इलाज चल रहा है।