मनकापुर। मोतीगंज के महेवा गोपाल निवासी नंदलाल वर्मा (35) की रविवार शाम चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह मनकापुर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। ट्रेन में भीड़ होने के कारण वह दरवाजे के पास खड़े होकर अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान स्टेशन से कुछ दूर एपी इंटर कॉलेज के पास संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से गिर गए।
मृतक के छोटे भाई आशीष वर्मा के अनुसार नंदलाल कानपुर के एक होटल में काम करते थे। भतीजा उन्हें आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाने के लिए मनकापुर स्टेशन तक गया था। ट्रेन में भीड़ होने के कारण नंदलाल दरवाजे के पास खड़े थे। हादसे के बाद ट्रेन के चालक ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर से खबर पाकर आरपीएफ मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस को बुलाया। सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि कस्बा चौकी प्रभारी शिवकुमार गिरि को मौके पर भेजा गया था। नंदलाल की जेब से मोबाइल फोन मिला, जिसके जरिये उनकी पहचान हुई। (संवाद)